Home Blog Details
एआई युग में रचनात्मकता: सहयोग और निर्भरता के बीच की रेखा
आज के डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमारे जीवन के हर क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है। लेकिन एक बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या एआई के प्रयोग से हमारे विचार अपनी सृजनात्मकता (Creativity) को कम कर रहे हैं? जब कोई कलाकार या लेखक एआई का उपयोग करता है, तो अक्सर उसका आउटपुट सामान्य और एक जैसा ही दिखाई देता है। इसे 'क्रिएटिव फ्लैटरिंग' (Creative Flattering) कहा जाता है, यानी विचारों और शैलियों का एक जैसा हो जाना। इस प्रक्रिया में नवीन और मौलिक विचार दब जाते हैं, पुरानी विचार शैलियों की ही पुनरावृत्ति बार-बार होती रहती है और कला या लेखन अपनी वह मौलिकता खो देता है जो किसी कलाकार को एक अलग पहचान और विलक्षण क्षमता देती है।
संपूर्ण निर्भरता: मानसिक और कौशल का क्षय
किन्हीं परिस्थितियों में यह भी देखा गया है कि यदि लेखन, डिजाइनिंग और कोडिंग के लिए एआई पर ही संपूर्ण निर्भरता हो, तो इंसानी दिमाग अपनी समस्या समाधान (Problem-Solving) की क्षमता खो देता है। इस बात के कई प्रमाण मिलते हैं कि यदि आप सोचने की क्षमता का कम उपयोग करते हैं, तो वह धीरे-धीरे घटने लगती है। इस स्थिति को 'मांसपेशी स्मृति का कम होना' (Cognitive Muscle Atrophy) कहा जाता है।
इसके साथ ही, कई शोध इस बात की पुष्टि करते हैं कि जब हमारे पास बहुत अधिक विकल्प उपलब्ध होते हैं, तो हम 'निर्णय की थकान' (Decision Fatigue) में फंस जाते हैं। एआई द्वारा जब हमें बहुत अधिक विकल्प दिए जाते हैं, तो हम खुद गहराई से सोचने के बजाय उन्हीं में से एक विकल्प चुन लेते हैं। इसके परिणामस्वरूप हम गहन चिंतन और क्रियात्मकता को खो देते हैं।
यदि कोई संगीतकार या ग्राफिक डिजाइनर एआई का अत्यधिक उपयोग करे, तो उनका बुनियादी ज्ञान बहुत अल्प और कमजोर रह जाता है। इस स्थिति को 'स्किल एट्रॉफी' (Skill Atrophy - कौशल का क्षय) कहते हैं। ऐसा तब होता है जब व्यक्ति जल्दी निष्कर्ष पाने की लालसा में “यह कैसे हुआ?” इस प्रश्न का उत्तर खोजने का प्रयास ही नहीं करता, और तब ज्ञान अधूरा रह जाता है।
कला और एआई: क्या कमी रह जाती है?
सृजनात्मकता (Creativity) सिर्फ एक अंतिम निष्कर्ष या आउटपुट नहीं है, बल्कि यह मानव अनुभव और भावनाओं का एक खूबसूरत मिश्रण है। एआई के पास कोई जीवंत अनुभव नहीं होता। यही कारण है कि एआई द्वारा निर्मित किए गए कंटेंट में वह मानव स्पर्श (Human Touch) या वे छोटी-छोटी अनजानी कमियां नहीं होतीं, जो किसी कलाकार की कला को महान या विलक्षण बनाती हैं। यही वजह है कि यह कंटेंट देखने या सुनने वालों को बांधकर रखने या सम्मोहित करने के गुण को नहीं पा पाता।
एआई एक सहयोगी (Collaborator) के रूप में: एक वरदान
दूसरी ओर, यदि एआई का उपयोग एक 'कोलैबोरेटर' या सहयोगी के रूप में हो, तो यह हमारी व्यावसायिक उत्पादकता (Productivity) को एक नए और ऊंचे स्तर पर ले जा सकता है। यह लेखन शून्यता, कल्पना शून्यता और विचार शून्यता (Writer's Block) की स्थिति में बहुत मददगार साबित हो सकता है, जिसका सामना कभी न कभी हर कलाकार को करना ही पड़ता है।
इस समय एआई हमारे विचारों को विस्तार देने में सहायक हो सकता है। एआई द्वारा दिए गए शुरुआती बिंदुओं (Prompting Points) का उपयोग करके हम अपने मौलिक विचारों को और परिष्कृत (Refine) कर सकते हैं, जिसे हम 'ब्रेनस्टॉर्मिंग' (Brainstorming) भी कहते हैं। कई बार एक जैसा काम करते हुए हम थक जाते हैं या बोर हो जाते हैं; एआई की मदद से आप इन छोटे-छोटे, बार-बार किए जाने वाले मैकेनिकल कामों को मैनेज कर सकते हैं और अपनी असली सृजनात्मक शक्ति को बड़े और महत्वपूर्ण कामों के लिए संरक्षित कर सकते हैं। इस प्रकार से एआई का संतुलित उपयोग हमारी 'कॉग्निटिव बैंडविड्थ' (Cognitive Bandwidth) को बढ़ाता है।
निष्कर्ष: भविष्य का निर्णय आपके हाथ में
इस चर्चा के माध्यम से हमारा उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को यह समझाना है कि एआई का उपयोग एक सहयोगी (Collaborator) के रूप में आपको एक बहुत अच्छे उत्पादक और व्यावसायिक स्तर पर ले जा सकता है। इसके विपरीत, यदि आपकी संपूर्ण निर्भरता एआई पर हो जाती है, तो यह आपको बौद्धिक और सृजनात्मक स्तर पर पंगु बना सकता है।
भविष्य में निर्णय पूरी तरह आपका है कि आप एआई का उपयोग कितनी सीमित मात्रा में, अपनी बौद्धिक क्षमता को बचाते हुए और किस प्रकार करते हैं।
डॉ. वासंती आठले संत
माधव शिक्षा महाविद्यालय ग्वालियर